
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर शाहबाद। आजादी के सात दशक बीत जाने के बाद भी शाहबाद क्षेत्र रेल सुविधा से वंचित है, जिसके लिए समाजसेवी रशीद अल्वी ने एक अनूठा और भावुक कदम उठाया है। उन्होंने क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को गंभीरता से लेते हुए प्रधानमंत्री को अपने खून से पत्र लिखकर रेल लाइन बिछाने की गुहार लगाई है।रशीद अल्वी का कहना है कि रेल सुविधा न होने के कारण क्षेत्र के लोगों, विशेषकर मजदूरों और व्यापारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि कई बार जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिले हैं। अब जनता का धैर्य जवाब दे गया है, इसलिए मजबूरन उन्हें खून से पत्र लिखकर सरकार को इस उपेक्षा के प्रति जगाने का प्रयास करना पड़ा है। इस कदम ने स्थानीय स्तर पर रेल लाइन की मांग को फिर से तेज कर दिया है और प्रशासनिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है।




