कैराना

बकरीद से पहले बिजली कटौती पर भड़का गुस्सा, गोगवान गांव में जेई को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

ट्रांसफार्मर ठीक करने पहुंचे बिजली विभाग के जेई पर हमला, बाइक लूटने का भी आरोप; वीडियो वायरल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
कैराना। बकरीद से पहले बिजली गुल होने से नाराज ग्रामीणों ने गोगवान गांव में बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) पर हमला कर दिया। आरोप है कि नमाज के बाद एकत्र हुई भीड़ ने जेई को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे वह बेहोश हो गए। हमलावरों पर उनकी बाइक लूटने का भी आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घटना कैराना क्षेत्र के गांव गोगवान की है। बताया गया कि बुधवार रात करीब 11 बजे गांव का 100 एमवीए ट्रांसफार्मर खराब हो गया था, जिससे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि रातभर बिजली विभाग को सूचना देने के बावजूद कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। भीषण गर्मी और बकरीद की तैयारियों के बीच बिजली न होने से लोगों में भारी नाराजगी थी। गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे जेई प्रेम सिंह अपनी टीम और लाइनमैन शाबिर के साथ गांव पहुंचे और ट्रांसफार्मर सही कराया। आरोप है कि काम पूरा होने के बाद जब टीम वापस लौट रही थी, तभी गांव के कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और रात में बिजली ठीक न करने को लेकर बहस शुरू हो गई। इसी दौरान नमाज अदा करके लौटे अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और करीब 20 से 25 लोगों की भीड़ ने जेई के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। आरोप है कि कुछ लोगों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर लात-घूंसों और थप्पड़ों से पीटा। घटना में कुछ महिलाओं के शामिल होने की भी बात सामने आई है। मारपीट में जेई प्रेम सिंह बेहोश हो गए। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी समय पाल अत्री पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्हें भीड़ से छुड़ाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार जेई के सिर और सीने में अंदरूनी चोटें आई हैं। जेई प्रेम सिंह ने आरोप लगाया कि गांव के अजमद मंसूरी और शौकत समेत कई लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से हमला किया। उन्होंने बताया कि वह लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बाद में नमाज पढ़ रहे अन्य लोगों को भी बुला लिया गया। जेई का आरोप है कि हमलावर उनकी बाइक भी अपने साथ ले गए।वहीं लाइनमैन शाबिर ने बताया कि भीड़ ने केवल जेई को निशाना बनाया। उन्होंने रोकने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने। बाद में उन्होंने ही पुलिस को सूचना दी। उधर ग्रामीणों का कहना है कि बकरीद से पहले रातभर बिजली न होने से त्योहार की तैयारियां प्रभावित हुईं। आरोप है कि बिजली विभाग ने शिकायत के बावजूद समय पर कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। थाना प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने बताया कि घटना का वीडियो सामने आया है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है, लेकिन वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button