कैराना ईदगाह में हजारों लोगों ने अदा की बकरीद की नमाज, अमन-चैन की मांगी दुआ
ड्रोन कैमरों से रखी गई निगरानी, डीएम-एसपी ने संभाला मोर्चा; जनपदभर में शांतिपूर्ण रहा माहौल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व गुरुवार को जनपद शामली में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। कैराना नगर स्थित ईदगाह सहित जिले की सभी ईदगाहों और मस्जिदों में हजारों मुस्लिम धर्मावलंबियों ने नमाज अदा कर देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। ईदगाह परिसर, संवेदनशील क्षेत्रों और नगर के प्रमुख चौराहों पर भारी पुलिस बल, पीएसी और यातायात पुलिस की तैनाती की गई थी। इसके अलावा ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी कैमरों और मोबाइल पुलिस टीमों के माध्यम से पूरे क्षेत्र पर लगातार निगरानी रखी गई। जिलाधिकारी आलोक कुमार यादव और पुलिस अधीक्षक एन.पी.सिंह ने एसडीएम कैराना शिवजी यादव, क्षेत्राधिकारी कैराना हेमन्त कुमार, थाना प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कैराना क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों, ईदगाहों और नमाज स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्व निभाने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने लगातार भ्रमणशील ड्यूटी करते हुए आमजन से संवाद स्थापित किया तथा लोगों से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की। प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट साझा न करने की चेतावनी भी दी गई। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस या डायल-112 पर देने की अपील की गई। नमाज के दौरान और उसके बाद पूरे जनपद में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई। प्रशासन ने शांतिपूर्ण तरीके से पर्व संपन्न होने पर संतोष व्यक्त किया।

