ललितपुर

महोबा दुष्कर्म मामले पर कांग्रेस का भाजपा सरकार पर हमला

पीडि़ता का दर्द बांटने से बौखलाई सरकार

अपने मंत्रियों की संपत्ति की जांच कराए भाजपा : डा.दयाराम रजक
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डा.दयाराम रजक ने महोबा में दलित छात्रा के अपहरण एवं दुष्कर्म मामले को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। गुरुवार को जारी प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि पीडि़ता के परिवार का दुख बांटने के बजाय सरकार विपक्ष की आवाज दबाने में लगी हुई है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि महोबा में दलित छात्रा के अपहरण और 16 दिनों तक बंधक बनाकर किए गए अमानवीय दुष्कर्म की घटना बेहद शर्मनाक और मानवता को झकझोर देने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद सरकार का कोई भी प्रतिनिधि पीडि़ता के घर नहीं पहुंचा, जबकि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय पीडि़त परिवार से मिलने जा रहे थे तो उन्हें रोकने की कोशिश की गई। इसके बावजूद अजय राय पीडि़ता के घर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि अजय राय के इस मानवीय कार्य से भाजपा सरकार बौखला गई है और अब भाजपा नेताओं द्वारा उनकी संपत्ति की जांच कराने की मांग की जा रही है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने इसे हास्यास्पद बताते हुए कहा कि अजय राय का सार्वजनिक जीवन पूरी तरह पारदर्शी है और कांग्रेस किसी भी जांच से डरने वाली नहीं है। डा.दयाराम रजक ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने मंत्रियों और विधायकों की संपत्ति की जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मिड-डे मील, सड़क निर्माण, अस्पतालों की दवाइयों, मनरेगा सहित कई योजनाओं में भ्रष्टाचार व्याप्त है। उन्होंने अयोध्या विकास कार्यों और मंदिर चंदे को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की विचारधारा पर चलने वाले कार्यकर्ता सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और सुचिता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यदि सरकार निष्पक्ष जांच कराना चाहती है तो कांग्रेस इसके लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन जांच भाजपा नेताओं की भी समान रूप से होनी चाहिए। प्रेस वार्ता में नगर अध्यक्ष रामनरेश दुबे, जिला उपाध्यक्ष पंकज हुण्डैत, राजपाल सिंह ठाकुर सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button