
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली / नवाबगंज। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को तहसील नवाबगंज सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न हुआ। डीएम ने जनसामान्य की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि अधिकारी आम जनमानस के साथ अच्छा व्यवहार करें और उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए प्रभावी कार्रवाई करें। राजस्व कर्मी अपने कार्य व आचरण से प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और सम्मान बढ़ाएं।
समाधान दिवस में अवैध कब्जे, आवास, राजस्व सहित विभिन्न विभागों की शिकायतें आईं। ग्राम विलास नगर निवासी ने ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर डीएम ने नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक व लेखपाल को मौके पर जांच के निर्देश दिए। ग्राम लावाखेड़ा निवासी ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का लाभ न मिलने का प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर जिला प्रोबेशन अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम खंजनपुर खंजनिया निवासी ने घरौनी व पिता के नाम में संशोधन की मांग की, जिस पर तहसीलदार को कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम चंदुआ चमरौहा निवासी ने पीएम आवास की मांग की, जिस पर परियोजना निदेशक डीआरडीए को पात्रता के आधार पर जांच के निर्देश दिए।
समाधान दिवस से पूर्व डीएम ने जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के प्रचार-प्रसार के लिए प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने जनगणना व स्वगणना को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस दौरान सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह, एसपी उत्तरी संतोष कुमार, डीडीओ दिनेश कुमार यादव, एसडीएम नवाबगंज सचिन यादव, एसडीएम न्यायिक गुलाब चंद, परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, सीओ नवाबगंज नीलेश मिश्र सहित अधिकारी मौजूद रहे।



