बागपत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आवासीय संस्कार शिविर को भेजा प्रेरणादायक संदेश
युवा पीढ़ी को अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का आह्वान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बड़ौत। आर्य प्रतिनिधि सभा बागपत द्वारा आयोजित किए जा रहे आवासीय संस्कार शिविर को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने प्रेरणादायक शुभकामना संदेश भेजा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी को अनुशासन, राष्ट्रभक्ति एवं आत्मविश्वास के साथ अपने जीवन का निर्माण करना चाहिए तथा भारतीय सांस्कृतिक विरासत और नैतिक मूल्यों की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
आर्य प्रतिनिधि सभा बागपत के मंत्री रवि शास्त्री ने बताया कि चौधरी केहर सिंह दिव्य पब्लिक स्कूल, बड़ौत में 4 जून से आयोजित होने वाले आवासीय संस्कार शिविर के लिए मुख्यमंत्री का शुभकामना संदेश प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि आर्य प्रतिनिधि सभा बागपत द्वारा युवा पीढ़ी में भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपरा और राष्ट्रसेवा की भावना के संवर्धन हेतु संचालित गतिविधियां अत्यंत प्रेरणादायी एवं सराहनीय हैं। संस्था द्वारा संस्कार शिविरों के माध्यम से युवाओं को वेद, गीता, सत्यार्थ प्रकाश तथा भारतीय जीवन मूल्यों से जोड़ने का जो सतत प्रयास किया जा रहा है, वह सामाजिक एवं सांस्कृतिक चेतना की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि भारत की सनातन परंपरा सदैव ज्ञान, आत्मानुशासन, साहस एवं मानव कल्याण की प्रेरणा देती रही है। वर्तमान समय में आवश्यक है कि युवा आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत, नैतिक मूल्यों और आत्मरक्षा के प्रति भी जागरूक एवं सक्षम बनें। इस दिशा में युवाओं को अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और आत्मविश्वास से ओतप्रोत करने का कार्य प्रशंसनीय है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में विश्वास व्यक्त किया कि यह अभियान समाज में सकारात्मक चेतना का संचार करेगा तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा। उन्होंने शिविर की सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।
मुख्यमंत्री के शुभकामना संदेश पर संगठन की ओर से आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर प्रोफेसर सुरेंद्र पाल आर्य, डॉ. मनीष तोमर, धर्मपाल त्यागी, कपिल आर्य, डॉ. तरुण तोमर, डॉ. गीतांजलि तोमर, डॉ. शस्या तोमर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


