सिंगरौली

सरई में सहारा-चिटफंड पीड़ितों का आंदोलन छठवें दिन भी जारी

बाजार बंद कर निकाली विरोध रैली, प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली –जिले के सरई में सहारा इंडिया और चिटफंड कंपनियों में जमा पैसों की वापसी की मांग को लेकर चल रहा ‘सहारा एवं चिटफंड पीड़ित परिवार बचाओ आंदोलन’ सोमवार को छठवें दिन भी जारी रहा। पीड़ित जमाकर्ताओं और व्यापारियों ने सरई बाजार बंद कर विरोध रैली निकाली, जिससे कारोबार पर भी असर पड़ा।

प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
गांधी चौक के धरना स्थल से शुरू हुई यह रैली मुख्य बाजार और बस स्टैंड से होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जमा पैसा वापस दिलाने की मांग की। रैली में सैकड़ों महिला-पुरुष शामिल हुए और ‘हमारा पैसा वापस दो’ तथा ‘CRCS पोर्टल सुधारो’ जैसे नारे लगाए गए।

सालों की जमा पूंजी फंसी, पोर्टल पर दावे हो रहे खारिज
आंदोलनकारियों ने बताया कि उनकी सालों की जमा पूंजी सहारा इंडिया और अन्य चिटफंड कंपनियों में फंसी हुई है। CRCS-Sahara Refund Portal के जरिए पैसे वापसी के लिए किए गए आवेदनों में गलतियां निकालकर दावे खारिज किए जा रहे हैं, जिससे पीड़ितों में रोष है।

संपत्ति कुर्क करने की मांग, 48 घंटे का अल्टीमेटम
पीड़ितों ने मांग की है कि सत्यापन केंद्र खोले जाएं और चिटफंड कंपनियों की संपत्तियों को कुर्क कर पीड़ितों का पैसा दिलवाया जाए। आंदोलनकारियों ने प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि भुगतान प्रक्रिया में तेजी नहीं लाई गई, तो सरई-बरगवां रास्ता जाम कर आंदोलन और तेज किया जाएगा।

पैसा वापस मिलने तक जारी रहेगा आंदोलन: आत्माराम पाठक
आंदोलन के संयोजक आत्माराम पाठक ने कहा कि जब तक पीड़ितों को उनका पैसा वापस नहीं मिल जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान कोमल गुप्ता, सुनील कुमार जायसवाल, रामसिया जायसवाल, जगधारी सिंह टेकाम, गेंदलाल साकेत, सतीश जायसवाल, किशुनदास गुप्ता, हर्षलाल यादव, रोहित साहू और दीपचंद गुप्ता सहित सैकड़ों पीड़ित और व्यापारी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button