
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने ब्लैक स्पॉट और एक्सीडेंट प्रोन एरिया पर विशेष अभियान शुरू किया है। सोमवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयासिंह, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता ओमप्रकाश किराड़ तथा रिडकोर (RIDCOR) के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने किशनगढ़बास स्थित बंबोरा घाटा-चमरौदा (स्टेट हाईवे-25), चमरौदा स्टैंड क्षेत्र, कोटकासिम (एसएच-109), मुंडावर (एसएच-108) तथा तातारपुर क्षेत्र (एसएच-14) के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स का दौरा किया। टीम ने सड़क की ज्यामितीय स्थिति, तीखे मोड़, ढलान, दृश्यता, सड़क संकेतक, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग और अन्य सुरक्षा उपायों की विस्तृत समीक्षा की।
अधिकारियों ने उन स्थानों को विशेष रूप से चिन्हित किया जहां बार-बार सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। मौके पर मौजूद तकनीकी दल को आवश्यक सुधार कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान सड़क सुरक्षा मानकों को मजबूत करने के लिए चेतावनी संकेतक, स्पीड कंट्रोल उपाय, कैट्स आई, रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड और सड़क मार्किंग को प्राथमिकता से विकसित करने पर जोर दिया गया।
एएसपी जयासिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए पुलिस, पीडब्ल्यूडी और रिडकोर के बीच समन्वय स्थापित कर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता ओमप्रकाश किराड़ ने बताया कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर कर आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र शुरू किए जाएंगे, जिससे दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम किया जा सके।
रिडकोर अधिकारियों ने भी सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर करवाने का भरोसा दिलाया। प्रशासन का मानना है कि इन उपायों के लागू होने के बाद जिले के संवेदनशील मार्गों पर दुर्घटनाओं की संख्या में कमी आएगी और आमजन का सफर अधिक सुरक्षित हो सकेगा।



