ललितपुर

भौरट बांध से सरकारी लोहा चोरी करने वाले गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट

डीएम से गैंग चार्ट अनुमोदित होने के बाद महरौनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन शातिर अपराधी चिह्नित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। सार्वजनिक संपत्तियों की चोरी कर अवैध लाभ अर्जित करने वाले शातिर अपराधियों के खिलाफ महरौनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जिलाधिकारी ललितपुर से गैंग चार्ट अनुमोदित होने के बाद पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक के निर्देशन, एएसपी कालू सिंह व सीओ महरौनी के संयुक्त पर्यवेक्षण में महरौनी पुलिस ने उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत कार्रवाई कर गिरोह की आपराधिक गतिविधियों पर शिकंजा कस दिया है। थाना महरौनी प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान जिलाधिकारी कार्यालय से अनुमोदित गैंग चार्ट एवं बीट सूचना की जांच के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि उक्त गिरोह लंबे समय से चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देकर आर्थिक लाभ अर्जित कर रहा था तथा क्षेत्र में इनके कारण भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ था। मामले का खुलासा उस समय हुआ था जब 24 अगस्त 2025 को भैरा निवासी मथुरा प्रसाद ने भौरट बांध गेट से करीब डेढ़ क्विंटल वजनी सरकारी लोहे की दो प्लेटें चोरी होने की रिपोर्ट थाना महरौनी में दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच के दौरान 30 अगस्त 2025 को गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया था। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई दोनों लोहे की प्लेटें, जिनका वजन लगभग 1.37 क्विंटल था, बरामद कर ली गई थीं। बाद में आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया था, हालांकि वर्तमान में वे जमानत पर बाहर हैं। पुलिस द्वारा गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में ग्राम नैनवारा निवासी 23 वर्षीय अनुज राजा पुत्र बलवीर सिंह को गिरोह का सरगना बताया गया है। इसके अलावा ग्राम भैरा निवासी शिवाजी राजा उर्फ कृष्णाधीश पुत्र अर्जुन सिंह (28 वर्ष) तथा जितेन्द्र सिंह पुत्र जगदीश सिंह (25 वर्ष) को गिरोह का सक्रिय सदस्य नामजद किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं और उनकी गतिविधियों से आमजन में भय का वातावरण बना हुआ था। इसी को देखते हुए थाना महरौनी में अपराध संख्या 235/2026 के तहत गैंगस्टर एक्ट की धारा 2/3 में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना थाना प्रभारी द्वारा की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी है तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button