री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर बड़ा साइबर हमला
नई दिल्ली। सीबीएसई के री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर बड़े साइबर अटैक की कोशिश हुई है। बोर्ड ने बताया कि 2 मिनट में 15 लाख हिट दर्ज किए गए। हालांकि, यह सब कोशिशें नाकाम रहीं। बोर्ड के अनुसार 16 हजार से ज्यादा छात्रों ने सफलतापूर्वक आवेदन जमा कर दिए हैं। पोर्टल फिलहाल 8 हजार रीयल टाइम यूजर्स को सपोर्ट कर रहा है। सीबीएसई ने जानकारी दी कि फिलहाल री-इवैल्यूएशन पोर्टल एक समय में 8,000 से अधिक रीयल टाइम यूजर्स को सपोर्ट कर रहा है। मंगलवार दोपहर 3 बजे तक 16,000 से ज्यादा छात्र सफलतापूर्वक अपने आवेदन जमा कर चुके थे।
बोर्ड के अनुसार हाल ही में पोर्टल पर डिनायल आॅफ सर्विस अटैक की कोशिश की गई। इस दौरान महज 2 मिनट के भीतर पोर्टल पर करीब 15 लाख हिट दर्ज किए गए।
इसके अलावा 1 लाख से अधिक बार अनधिकृत फाइल एक्सेस करने की कोशिश भी की गई। सीबीएसई ने कहा कि उसकी तकनीकी टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो।
छात्रों के फीडबैक के बाद पोर्टल में बदलाव
सीबीएसई ने बताया कि छात्रों से मिले सुझावों और फीडबैक के आधार पर पोर्टल में कुछ सुधार भी किए गए हैं। इसमें सत्र की समय सीमा बढ़ाना भी शामिल है ताकि छात्र बिना किसी जल्दबाजी के आसानी से आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकें। बोर्ड का कहना है कि प्लेटफॉर्म को अधिक सुविधाजनक और सुचारु बनाने के लिए लगातार सुधार किए जा रहे हैं।
छात्रों को सहायता देने में जुटी टीम
सीबीएसई ने कहा कि उसकी टीमें पूरी सतर्कता और सक्रियता के साथ काम कर रही हैं। बोर्ड ने भरोसा दिलाया कि छात्रों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और पोर्टल को सुरक्षित बनाए रखने के लिए तकनीकी निगरानी लगातार जारी रहेगी।
सीबीएसई ने कक्षा 12वीं का री-इवैल्यूएशन पोर्टल आज सुबह एक्टिव किया है, जहां छात्र अपने अंकों के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर रहे हैं। भारी संख्या में छात्रों के पोर्टल पर आने के कारण ट्रैफिक लगातार बढ़ा हुआ है।



