शामली

गड्ढे से बचने के प्रयास में दो बाइकों की भिड़ंत, तीन युवक गंभीर घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
 चौसाना। चौसाना-बिडौली मार्ग पर सकौती के निकट सड़क पर बने गहरे गड्ढे को बचाने के प्रयास में दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पर पहुंची चौसाना पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर चौकी पर खड़ा कराया।
 बुधवार सुबह दस बजे चौसाना-बिडौली मार्ग पर सकौती गांव के निकट जुनैद व फरान निवासी देवबंद करनाल स्थित रिश्तेदारी से अपने गांव लौट रहे थे। वहीं अंकित निवासी गांव गागौर अपनी बाइक से करनाल जिले के नंगला चौक स्थित एक चिकित्सक के यहां जा रहा था। सकौती के निकट सड़क पर बने गहरे गड्ढे को बचाने के प्रयास में दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घायल काफी देर तक सड़क किनारे पड़े रहे। राहगीरों ने तत्काल एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक कोई एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। बाद में डायल-112 पुलिस को भी सूचना दी गई।
घंटों इंतजार के बाद राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए निजी वाहनों की व्यवस्था की। अंकित को उपचार के लिए करनाल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि जुनैद और फरान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊन में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर चौसाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को अपने कब्जे में लेकर चौकी पर खड़ा करा दिया। हादसे के बाद चौसाना-बिडौली मार्ग की जर्जर स्थिति और सड़क पर बने गहरे गड्ढों को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
 घंटों तड़पते रहे घायल, नहीं पहुंची एम्बुलेंस
सकौती के निकट हुए हादसे के बाद घायल युवक लंबे समय तक सड़क किनारे पड़े रहे। राहगीरों ने एम्बुलेंस सेवा को फोन किया, लेकिन काफी देर तक कोई एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। डायल-112 पुलिसकर्मी भी बाइक से मौके पर पहुंचे और वाहन की व्यवस्था होने का इंतजार करते रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button