खैरथल
रात्रि चौपाल में जिला कलेक्टर ने सुनी स्थानीय समस्याएं
मौके पर दिए समस्याओं के निस्तारण के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। उपखंड तिजारा की ग्राम पंचायत लुहादेरा में जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में गुरुवार को रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनते हुए जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल के दौरान रास्ते संबंधित प्रकरण, राजस्व, बंटवारे, गर्ल्स कॉलेज से संबंधित, पंचायती राज विभाग से संबंधित प्रकरणों सहित कुल 12 परिवाद प्राप्त हुए। जिला कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों को प्रकरणों के समाधान के लिए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकरण को अनावश्यक लंबित न रखा जाए और शीघ्र ही समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही परिवादियों से व्यक्तिगत संपर्क बनाकर निस्तारण प्रक्रिया को प्रभावी बनाने और औसत निपटान समय में सुधार लाने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं वृद्धजन पेंशन योजना, आपकी बेटी योजना, विधवा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री पालनहार योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, लाडो योजना, जल जीवन मिशन, पीएम सूर्यघर योजना एवं पीएम विश्वकर्मा योजना की जानकारी देते हुए आमजन को आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया। साथ ही कृषि विभाग की योजनाओं जैसे तारबंदी योजना, फार्म पॉन्ड, प्याज भंडारण एवं अन्य योजनाओं पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
रात्रि चौपाल में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, उपखंड अधिकारी संजीव कुमार वर्मा, तहसीलदार विजय बैरवा, प्रधान जेपी यादव, जनप्रतिनिधिगण, ग्रामीणजन तथा विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



