संभल

ससुराल बुलाकर युवक की हत्या का आरोप पत्नी समेत तीन के खिलाफ तहरीर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

संभल/गुन्नौर : जुनावई थाना क्षेत्र के गांव धनीपुर निवासी एक व्यक्ति ने अपने पुत्र की हत्या का आरोप उसकी पत्नी, सास और ससुर पर लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। परिजनों का आरोप है कि युवक को ससुराल बुलाकर उसकी हत्या कर दी गई।

धनीपुर निवासी सुम्मेरी पुत्र टोढ़ी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पुत्र राजेश की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व बदायूं जनपद के थाना सहसवान क्षेत्र के गांव नयागांव निवासी सीमा पुत्री जगदीश के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से सीमा अधिकतर समय अपने मायके में ही रहती थी और कई बार समझाने के बावजूद ससुराल आने को तैयार नहीं होती थी।

तहरीर के अनुसार, इस बात को लेकर राजेश का अपनी पत्नी सीमा, ससुर जगदीश पुत्र मटरू और सास कमलेश पत्नी जगदीश से कई बार विवाद हुआ। आरोप है कि इन लोगों ने राजेश के साथ मारपीट भी की थी। बाद में क्षेत्र के संभ्रांत लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था।

परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने राजेश को अपने गांव नयागांव बुलाया था। जब काफी देर तक राजेश का फोन नहीं उठा तो परिजन चिंतित हो गए। इसके बाद वे नयागांव पहुंचे, जहां राजेश मृत अवस्था में मिला। परिजनों का आरोप है कि उसके शरीर पर चोटों के निशान थे और कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे।

सुम्मेरी ने आरोप लगाया कि पत्नी सीमा, सास कमलेश और ससुर जगदीश ने मिलकर उसके पुत्र की हत्या की है। पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button