खैरथल
स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता से मिले स्थानीय औधोगिक इकाइयों मे रोजगार : बलराम यादव

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। खैरथल-तिजारा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलराम यादव से आज किशनगढ़ बास एवं तिजारा क्षेत्र के अनेक युवा साथियों ने मुलाकात कर भिवाड़ी की औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने सहित विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
युवाओं ने कहा कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में उद्योग स्थापित होने के बावजूद स्थानीय युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कंपनियों में भर्ती प्रक्रिया के दौरान स्थानीय प्रतिभाओं को प्राथमिकता देने तथा युवाओं के लिए अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराने की मांग रखी।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलराम यादव ने युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि क्षेत्र के युवाओं के हक़ एवं अधिकारों की आवाज़ को हर स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है और इसके लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन तथा उद्योग प्रबंधन को सकारात्मक पहल करनी चाहिए।
बलराम यादव ने कहा कि युवा किसी भी क्षेत्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। यदि युवाओं को रोजगार और बेहतर अवसर मिलेंगे तो क्षेत्र का विकास भी तेज़ी से होगा। उन्होंने युवाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को संबंधित मंचों पर प्रभावी ढंग से उठाकर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर तिजारा उप प्रधान दयाराम चावड़ा पूर्व जिला सचिव संजय गुर्जर यूथ कांग्रेस प्रदेश सचिव रामनिवास प्रजापत पूर्व जिला पार्षद शकील अहमद शकील बागोर डेविड मर्दाने सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

