गाजियाबाद

ओमकार हत्याकांड: धरना-प्रदर्शन मामले में मुखिया गुर्जर समेत कई पर मुकदमा दर्ज

ग्रामीणों ने बताया आंदोलन दबाने की कोशिश, पुलिस बोली ,कानून व्यवस्था बनाए रखना जरूरी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी के गनोली गांव निवासी ओमकार अपहरण एवं हत्या प्रकरण को लेकर चिरौड़ी मार्ग पर हुए धरना प्रदर्शन के दौरान कथित रूप से सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और भीड़ को उकसाने के आरोप में पुलिस ने सपा नेता मुखिया गुर्जर सहित कई लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। ग्रामीण इसे जनआंदोलन को दबाने का प्रयास बता रहे हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम आवश्यक था।
चिरौड़ी चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट के अनुसार, 3 जून को गनौली निवासी डेयरी संचालक ओमकार के अपहरण और हत्या मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन और ग्रामीण चिरौड़ी सड़क मार्ग पर धरना दे रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान दिल्ली के दल्लूपुरा निवासी मुखिया गुर्जर अपने 4-5 साथियों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे और लोगों को प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध के लिए उकसाया, जिस कारण वहां माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस का कहना है कि उस समय मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों को समझाने तथा यातायात व्यवस्था बहाल कराने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच कथित रूप से भड़काऊ गतिविधियों के चलते भीड़ आक्रोशित हो गई और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई। पुलिस ने आरोप लगाया है कि मुखिया गुर्जर और उनके साथियों की गतिविधियों के कारण प्रशासनिक कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।
आंदोलन के साथ अब सियासत भी तेज
ओमकार हत्याकांड में एक 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब अन्य मुख्य आरोपियों की तलाश और गंग नहर से ओमकार का शव बरामद करने के प्रयास में जुटी है। इसी बीच धरना-प्रदर्शन से जुड़े मुकदमे ने मामले को नया मोड़ दे दिया है।
अब क्षेत्र में चर्चा इस बात को लेकर भी है कि पुलिस आगे क्या कार्रवाई करती है और क्या नामजद तथा अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी होगी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले पीड़ित पक्ष के समर्थन में दिए गए बयानों को लेकर लोनी नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष मनोज धामा पर भी लोनी में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है।
ओमकार प्रकरण के खुलासे की मांग करने वाले लोगों के खिलाफ लगातार दर्ज हो रहे मुकदमों को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। हालांकि, क्षेत्र के लोगों की निगाहें अब पुलिस की आगामी कार्रवाई, मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के मामले पर टिकी हुई हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button