जालौन

बुंदेलखंड में मजबूती से चुनावी मैदान में उतरेगा अपना दल (कमेरावादी)

संगठन विस्तार पर विशेष जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

उरई (जालौन)। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अपना दल (कमेरावादी) ने बुंदेलखंड में अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को जालौन जनपद का दौरा कर संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
शहर के अजनारी रोड स्थित कृष्णा धाम में आयोजित बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हाफिज मुहम्मद मुवीन, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य पारुल पटेल तथा झांसी मंडल के पदाधिकारियों ने जिला इकाई के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान संगठन की जमीनी स्थिति का आकलन करते हुए कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और वार्ड स्तर तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया।
राष्ट्रीय महासचिव हाफिज मुवीन ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ें तथा संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल के सिद्धांतों और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं।
बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में हाफिज मुवीन ने बताया कि उन्हें संगठन की ओर से बुंदेलखंड क्षेत्र की विधानसभा इकाइयों की समीक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस दौरान संगठन की बूथ से लेकर विधानसभा स्तर तक की सक्रियता और मजबूती का मूल्यांकन किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में अपना दल (कमेरावादी) पूरे दमखम और सशक्त रणनीति के साथ मैदान में उतरेगा।
गठबंधन संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीति में गठबंधन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन आगामी चुनाव में किसी दल के साथ समझौते या गठबंधन को लेकर अंतिम निर्णय पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल द्वारा लिया जाएगा।
बैठक एवं प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य युवा मंच मनीष पाल, जिलाध्यक्ष रामजी पटेल, चंदन पटेल, चित्रांश विकास श्रीवास्तव, नीतीश पटेल, संदीप पटेल, अमित पटेल, एडवोकेट भूपेंद्र वैद्य, डा. साधना त्रिपाठी, अनुज द्विवेदी, पवन पटेल, जितेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button