शामली

तीनों तहसीलों में अधिवक्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। भारत सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को जनपद की तीनों तहसीलों में अधिवक्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने अधिवक्ताओं की भूमिका को लोकतंत्र और सुशासन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
तहसील शामली में एसडीएम निधि भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विधायक प्रसन्न चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। वहीं तहसील ऊन में एसडीएम विनय प्रताप सिंह भदौरिया की मौजूदगी में पूर्व मंत्री सुरेश राणा ने अधिवक्ताओं को संबोधित किया। तहसील कैराना में एसडीएम शिवाजी यादव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने भाग लिया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि अधिवक्ता समाज लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है, जो न्यायपालिका, प्रशासन और जनता के बीच सशक्त सेतु का कार्य करता है। संविधान के आदर्शों की रक्षा, नागरिक अधिकारों के संरक्षण तथा न्याय तक आमजन की पहुंच सुनिश्चित करने में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, स्वच्छ भारत मिशन, किसान सम्मान निधि, वृद्धावस्था एवं दिव्यांगजन पेंशन, छात्रवृत्ति योजनाओं सहित अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जनजागरूकता आवश्यक है, जिसमें अधिवक्ता समाज महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। तीनों तहसीलों में आयोजित कार्यक्रमों में बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ता सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button