
पुलिस मोटर सायकिल चालक की पहचान में जुटी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : नगर में हेलमेट और वाहन चेकिंग में लगे एक उप निरिक्षक को वाहन के साथ घसीटने का मामला सामने आया है। जिसमें घायल उप निरिक्षक रामभजन साहू का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना सोमवार की देर शाम, मोतीनगर चौराहे की है।
बताया जाता है कि यातायात ड्यूटी पर तैनात उप निरिक्षक रामभजन साहू, अपने स्टाफ के साथ मोती नगर चौक में नियमित वाहन चेकिंग अभियान में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान मोतीतालाब के नीचे वाली सड़क की ओर से एक मोटरसाइकिल तेज गति से चौक की तरफ आती दिखाई दी। उसी समय एक महिला सड़क पार कर रही थी। महिला की सुरक्षा को देखते हुए उप निरिक्षक रामभजन साहू ने मोटरसाइकिल चालक को रोकने के लिए हाथ देकर इशारा किया और सीटी बजाई।
जिस हाथ से वे मोटरसाइकिल रोकने का प्रयास कर रहे थे। उसी हाथ में उनका मेनपैक सेट भी था। लेकिन तेज रफ्तार मोटरसाइकिल चालक ने वाहन रोकने के बजाय सीधे सब इंस्पेक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उप निरिक्षक राम भजन साहू का हाथ मोटरसाइकिल के हैंडल में फंस गया। जिसके कारण वे मोटरसाइकिल के साथ सड़क पर घसीटते चले गए। इस हादसे में उनके दोनों पैरों के घुटनों और हाथ में गंभीर चोटें आई है।
घटना को देखकर मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मी तुरंत उनकी ओर दौड़े, लेकिन तब तक मोटरसाइकिल चालक उप निरिक्षक राम भजन साहू का मेनपैक सेट लेकर मौके से फरार हो चुका था। घायल उप निरिक्षक राम भजन साहू को तत्काल यातायात पुलिस के वाहन से जिला अस्पताल बालाघाट पहुंचाया गया। जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद यातायात पुलिस और कोतवाली पुलिस ने फरार मोटरसाइकिल चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। ताकि मोटरसाइकिल चालक की पहचान कर जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार किया जा सके। इस घटना के बाद शहर में तेज रफ्तार वाहनों और लापरवाह ड्राइविंग को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है। वहीं पुलिस विभाग ने भी इस घटना को लेकर गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।



