हजारीबाग

छड़वा डैम के क्रिकेट मैदान में मिली ड्राइवर की लाश, हत्या की आशंका।

 परिजनों में भारी आक्रोश लमृतक के पास से मिला मोबाइल, लॉटरी टिकट और बाइक की चाबी।

विरोध में इंद्रपुरी चौक पर किया सड़क जाम
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग शहर के पेलावल थाना क्षेत्र स्थित छड़वा डैम के पास क्रिकेट मैदान में रविवार सुबह एक 45 वर्षीय ड्राइवर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पगमिल फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी इमरान हसन उर्फ सोनू खान के रूप में की गई है। शव मिलते ही आक्रोशित परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या करार देते हुए इंद्रपुरी चौक के पास सड़क जाम कर दिया और दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की।मिली जानकारी के अनुसार, इमरान हसन उर्फ सोनू खान पेशे से विक्टा वाहन का चालक था। रविवार सुबह उसका शव छड़वा डैम के पास क्रिकेट मैदान में पाया गया। सूचना मिलने पर पेलावल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल से मृतक का मोबाइल, एक लॉटरी टिकट और उनकी ग्लैमर बाइक की चाबी बरामद हुई है। उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व ही मृतक की बाइक बरामद हुई थी, जिसे पुलिस इस मामले की अहम कड़ी मानकर जांच कर रही है।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
परिजनों ने सोनू खान की बेरहमी से हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मृतक के शरीर पर चोट के गहरे निशान होने की बात कही जा रही है। परिजनों ने बताया कि सोनू की शादी कटकमसांडी प्रखंड के रोमी गांव में हुई थी। आरोप है कि पत्नी के साथ उनके संबंध मधुर नहीं थे और पूर्व में पत्नी के मायके वालों द्वारा मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है। परिजनों ने यह भी दावा किया है कि एक सप्ताह पूर्व ही सोनू को जान से मारने की धमकी मिली थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी स्थिति सोनू खान के असामयिक निधन से उसके दो बेटों और एक बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया है, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल, पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हत्या समेत सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button