नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मुजफ्फरनगर जनपद के बघरा निवासी 22 वर्षीय रिहान पुत्र इस्लाम दो दिन पूर्व बाइक से कांधला कस्बे से शामली की ओर जा रहा था। जैसे ही वह दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गांव नानूपुरी के निकट पहुंचा, तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रिहान गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी थी। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। गमगीन माहौल में मृतक को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।मृतक के पिता इस्लाम ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


