बरेली
बरेली में मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट
सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक में जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

जुलूस रूट से लेकर सोशल मीडिया तक होगी कड़ी निगरानी, संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त फोर्स तैनात
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की हाईलेवल बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता डीएम अविनाश सिंह ने की। इसमें एसपी सिटी मानुष पारिक, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य सहित जनप्रतिनिधि, धर्मगुरु, समिति सदस्य और सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सौहार्द बनाए रखने की अपील, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
बैठक में डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि मोहर्रम पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, साफ-सफाई, विद्युत और पेयजल आपूर्ति दुरुस्त रखी जाए। सभी समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की गई। एसपी सिटी मानुष पारिक ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वालों पर तत्काल कार्रवाई होगी। साइबर सेल को 24 घंटे मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने निर्देश दिए कि मोहर्रम के जुलूसों और धार्मिक आयोजनों के दौरान निर्धारित मार्गों, समय-सारिणी और शासन की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन कराया जाए। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। पर्याप्त पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की जाएगी। ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी।
नगर आयुक्त ने दिए सफाई-पानी के निर्देश
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने नगर निगम के अधिकारियों को जुलूस मार्गों पर विशेष सफाई, चूना छिड़काव, मोबाइल टॉयलेट और पेयजल टैंकर लगाने के निर्देश दिए। बिजली विभाग को जर्जर तारों को ठीक करने और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
सभी विभागों को समन्वय के निर्देश
बैठक में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने को कहा गया, जिससे मोहर्रम पर्व पूर्ण श्रद्धा, गरिमा और शांतिपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हो सके। धर्मगुरुओं और समिति सदस्यों ने भी प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।




