ललितपुर
सैनिकों और उनके परिजनों की समस्याओं के समाधान को प्रशासन गंभीर
एडीएम की अध्यक्षता में हुई सैनिक बंधु बैठक, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दिनेश कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सैनिक बंधु बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के भूतपूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों तथा वीरांगनाओं (सैन्य विधवाओं) की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक का शुभारंभ जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल आशीष अहलूवालिया (अवकाश प्राप्त) द्वारा अतिथियों एवं उपस्थित अधिकारियों के स्वागत के साथ हुआ। उन्होंने केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। बैठक में पिछली सैनिक बंधु बैठक में उठाए गए प्रकरणों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि कई मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण कर दिया गया है, जबकि कुछ प्रकरण अभी भी लंबित हैं। इस पर अपर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सैनिकों एवं उनके आश्रितों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार ने कहा कि देश की रक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने भूतपूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों एवं सैन्य विधवाओं से अपील की कि वे अपनी समस्याएं सैनिक बंधु बैठक के माध्यम से प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उनका समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के कर्मचारी, बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक, उनके परिजन एवं आश्रित उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सैनिकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।



