ललितपुर
टीईटी/सीटीईटी पास शिक्षामित्रों के समायोजन की मांग
टीईटी पास उत्थान शिक्षामित्र उत्थान समिति ने सीएम को भेजा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। टीईटी पास उत्थान शिक्षामित्र उत्थान समिति के बैनर तले शिक्षामित्रों ने मुख्यमंत्री एवं बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन बीएसए के माध्यम से प्रेषित कर टीईटी/सीटीईटी उत्तीर्ण शिक्षामित्रों को सहायक अध्यापक पद पर समायोजित किए जाने की मांग उठाई है। कहा गया है कि प्रदेश में लगभग 50 हजार शिक्षामित्र ऐसे हैं जो स्नातक, बीटीसी तथा शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी/सीटीईटी) उत्तीर्ण कर चुके हैं और राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) द्वारा निर्धारित शिक्षक बनने की सभी योग्यताएं पूरी करते हैं। इसके साथ ही उन्हें परिषदीय विद्यालयों में 20 वर्षों से अधिक समय तक अध्यापन कार्य का अनुभव भी प्राप्त है। शिक्षामित्रों ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया कि सुप्रीम कोर्ट में रामशरण मौर्य बनाम उत्तर प्रदेश सरकार मामले में 18 नवंबर 2020 को दिए गए आदेश तथा सरकार द्वारा प्रस्तुत हलफनामे के अनुसार 51,112 पद रिक्त बताए गए हैं। ऐसे में लंबे अनुभव और निर्धारित योग्यता रखने वाले टीईटी पास शिक्षामित्रों का रिक्त पदों के सापेक्ष समायोजन कर उन्हें सहायक अध्यापक बनाया जाए। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि जब बिना टीईटी उत्तीर्ण अन्य शिक्षकों का समायोजन किया गया है तो एनसीटीई मानकों को पूरा करने वाले शिक्षामित्रों को इसका लाभ क्यों नहीं दिया जा रहा है। संगठन ने मुख्यमंत्री से शिक्षामित्रों एवं उनके परिवारों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है। इसके अलावा नॉन-टीईटी शिक्षामित्रों के लिए विभागीय स्तर पर शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित कराने, 62 वर्ष की आयु तक सेवा का अवसर देने तथा उचित मानदेय प्रदान करने की मांग भी की गई है। ज्ञापन सौंपने वालों में रक्षपाल सिंह, शिशुपाल राजपूत, आराधना द्विवेदी, नीलम तिवारी, शशि प्रभा, नीतू लिटौरिया, रामनिवास दुबे, सायरा बानो, नरेश साहू, कोमलचंद, प्रीति ठाकुर, अर्चना तिवारी, सरोज, रामदेवी, रामपाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे।



