ललितपुर

जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की समीक्षा बैठक संपन्न

2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर हुआ मंथन

प्रदेश पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
किसानों-युवाओं की समस्याओं के समाधान का दिलाया भरोसा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक गुरुवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में जिलाध्यक्ष केशवेंद्र सिंह बुंदेला की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश कार्यालय लखनऊ से आए वरिष्ठ पदाधिकारियों का पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया। बैठक में मुख्य रूप से युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बालवीर सिंह शिवजी, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बलवीर सिंह चौहान तथा युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष हितेश प्रताप सिंह शामिल हुए। जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत कर अभिनंदन किया। प्रदेश पदाधिकारियों ने किसानों, युवाओं एवं आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए कहा कि जनसत्ता दल लोकतांत्रिक जनता की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि किसानों, बेरोजगार युवाओं तथा आम नागरिकों की समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर विशेष रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। प्रदेश नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोडऩे तथा जनसंपर्क अभियान को तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनावी सफलता के मंत्र देते हुए पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। संचालन राजन सिंह बुंदेला (रजपुरा) जिला प्रधान महासचिव ने किया, जबकि समापन एवं आभार राजकुमार सिंह परमार (लड़वारी) जिला उपाध्यक्ष ने जताया। इस दौरान जिला युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष संजय सिंह (तरावली), जिला उपाध्यक्ष शिवशंकर सोनी, राजदीप राजा (पाली), शिवम दीक्षित (पाली), संकेत जैन, अनुज नामदेव, राजपथ कुशवाहा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए एक सौ से अधिक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button