युवक का शव खेत में लगे नीम के पेड़ पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भुसावर थाना क्षेत्र के गांव सुहारी में मंगलवार 23 जून को एक युवक का शव खेत में लगे नीम के पेड़ पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव सुहारी निवासी नरेश पुत्र बच्चू जाटव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) नीरज भारद्वाज एवं थानाधिकारी रामदयाल मीणा मय पुलिस जाप्ते के घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाने की आशंका जताई। जिस पर पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल सहित विभिन्न विशेषज्ञ टीमों को भी मौके पर बुलाया। वहीं मेडीकल बोर्ड से पंचनामा कार्रवाही की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित एंगल को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने परिजनों द्वारा दी गई रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया। वहीं परिजन अचानक मृतक के शव को लेकर थाना पर पहुंच गए। जहां उन्होंने पूर्व में थाना पर दर्ज मुकदमों में तुरंत कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ने को लेकर मांग की और रोड जाम का प्रयास किया। लेकिन सीओ नीरज भारद्वाज सहित वैर, हेलेना, खेड़ली मोड थाना प्रभारियों एवं जाप्ता ने रोड जाम नहीं होने दिया। आखिर सीओ द्वारा दिए आश्वासन पर परिजन मान गए और शव को लेकर चले गए। थानाधिकारी रामदयाल मीणा ने बताया कि थाना भुसावर के गांव सुहारी निवासी मृतक नरेश की पत्नी ने गांव के ही एक व्यक्ति पर पीछा करने और परेशान करने का मामला दर्ज करवाया था जिसके बाद दूसरे व्यक्ति द्वारा भी मारपीट का आरोप लगाते हुए परस्पर मामला दर्ज करवाया था। जिसमें जांच की जा रही है।



