शामली

झिंझाना थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना का एक्शन

मुठभेड़ में अंतरराज्यीय चेन स्नैचर दबोचा, सिपाही घायल, फरार साथी की तलाश जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

 चौसाना : थाना झिंझाना क्षेत्र में बुधवार सुबह पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय चेन स्नैचर को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि बदमाशों की फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाते हुए फरार आरोपी की तलाश में कांबिंग अभियान तेज कर दिया है।
जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना अपनी टीम के साथ चौसाना मार्ग स्थित हरसाना काट्ठा पुल के पास वाहन चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की सफेद अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया। बझेड़ी क्षेत्र के निकट हुई मुठभेड़ में एक बदमाश जगत सिंह पुत्र चरण सिंह (30 वर्ष), निवासी खानपुर जाटान, थाना झिंझाना के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया। वहीं दूसरे बदमाश ने गन्ने के खेतों का सहारा लेकर मौके से फरार होने में सफलता हासिल कर ली।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली हेड कांस्टेबल गौरव कुमार के हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस ने तुरंत दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया।
तलाशी के दौरान गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कई राज्यों में चेन स्नैचिंग की घटनाओं में वांछित रहा है। उसके खिलाफ कर्नाटक, मध्य प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वहीं सीओ कैराना हेमंत कुमार ने बताया कि घायल आरोपी और पुलिसकर्मी का उपचार जारी है तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें सक्रिय हैं।
झिंझाना थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना की सक्रिय कार्यशैली एक बार फिर चर्चा में है। क्षेत्र में लगातार हो रही प्रभावी पुलिस कार्रवाई से अपराधियों में खौफ का माहौल है और साफ संदेश दिया गया है कि अपराध करने वालों की जगह सलाखों के पीछे ही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button