
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली : बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी आलोक यादव ने डीबीटी आधार सत्यापन कार्य में बेहद धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने लंबित आधार वेरिफिकेशन मामलों को गंभीरता से लेते हुए डीसी ईएमआईएस पर कठोर कार्रवाई तथा सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने 30 जून तक विशेष अभियान चलाकर सभी लंबित डीबीटी आधार सत्यापन कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि छात्राओं को साइकिल चलाने का विशेष प्रशिक्षण दिया जाए और विद्यालयों में उनकी उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बालिकाओं के आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ाने के लिए यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी।
निर्माणाधीन विद्यालयों और शैक्षिक परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों की टीम गठित कर भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर विशेष निगरानी रखी जाए ताकि समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण हो सकें।
जिलाधिकारी ने आगामी जुलाई माह में विद्यालय खुलने पर एक नई पहल के तहत शिक्षकों एवं अधिकारियों के जन्मदिवस पर “तिथि भोज” आयोजित कराने के निर्देश भी दिए। उनका कहना था कि इससे विद्यालयों में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होगा और बच्चों को भी विशेष अनुभव प्राप्त होगा।
बैठक के दौरान ऊंचागांव कैराना में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय तथा ग्राम भाजू में बन रहे कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही जनपद के सभी विद्यालयों में शत-प्रतिशत कायाकल्प कार्य पूर्ण कराने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) तथा पॉलिटेक्निक संस्थानों के अंतर्गत संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को विभागीय कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बृजेन्द्र शुक्ल, जिला विद्यालय निरीक्षक ऐश्वर्या जायसवाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार, सभी खंड शिक्षा अधिकारी तथा संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

