पुलिस मुठभेड़ में बदमाश के पैर में लगी गोली, दो आरोपी गिरफ्तार
एसओजी, सर्विलांस और गोहन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
बकरी चोरी और मारपीट की घटना में दोनों आरोपियों की थी तलाश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। गोहन थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एसओजी, सर्विलांस टीम और गोहन थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग करने वाले एक बदमाश के पैर में जवाबी कार्रवाई के दौरान गोली लग गई, जबकि उसके साथी को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया।
डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आशिफ के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि आशिफ का साथी उदल मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। एएसपी के अनुसार घायल आरोपी आशिफ पूर्व में गो-तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। कुछ दिन पहले उसने अपने तीन साथियों के साथ गोहन थाना क्षेत्र में एक पशुपालक के साथ मारपीट कर उसकी तीन बकरियां वाहन से चोरी कर ली थीं। जांच में इस घटना में आशिफ और उदल की संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनके दो अन्य साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। मुठभेड़ में एसओजी प्रभारी रिंकू चैधरी, गोहन थाना प्रभारी सतीश कुमार कुशवाहा तथा उनकी टीम शामिल रही।



