
आराम से बैठने को लगवाई बैंच
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भुसावर : भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल तहसील भुसावर कस्बे के छोंकरवाडा सड़क मार्ग स्थित किरोड़ी लाल स्मृति न्यास भवन में एक जुलाई 2019 से जन सहयोग द्वारा संचालित सक्रिय मुस्कान एक पहल संस्था ने एक जुलाई 2026 को आठवें वर्ष में प्रवेश किया है। जहां मुस्कान एक पहल संस्था के संस्थापक अरविन्द मित्तल ने बताया कि यह संस्था निस्वार्थ भाव से जरुरतमंदों के चहरों पर मुस्कान लाने का कार्य कर रही है। वहीं जो व्यक्ति भुसावर में निवास कर रहे हों और आर्थिक तथा शारीरिक रूप में कमजोर हों उन्हें पिछले सात वर्षों से कैसी भी विपरीत से विपरीत परिस्थितियों में चाहे कोरोना काल हो या आंधी तूफान बरसात हो उनके घर दोनों समय गर्म भोजन घर का बना हुआ पहुंचाया जाता है। तीज त्यौहार जैसे विशेष अवसरों पर सभी के घरों जैसा स्पेशल भोजन भी भिजवाया जाता है।आज तक एक भी दिन ऐसा नहीं हुआ कि उनको भूखा रहना पड़ा हो यानी कि भोजन का टिफिन उनके घर न पहुंचा हो। वहीं संस्था के सहसंयोजक लोकेश अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान में मुस्कान एक पहल संस्था द्वारा 12 प्रकल्प संचालित है जैसे निःशुल्क टिफिन सेवा,खुशियों का बाजार, शीतल जल मन्दिर,विधवा की बेटी की शादी, जरूरतमंद को राशन सामग्री, विशाल पक्षी घर,परिंदों को दाना पानी, गौरैया घर,गौजल सेवा, गोधन के लिए रेडियम बेल्ट , सार्वजनिक स्थानों पर बेंच, प्राकृतिक आपदा में सहयोग तथा असहायों का अंतिम संस्कार आदि जनसहयोग द्वारा संचालित हैं। वहीं आज एक जुलाई को जनसहयोग द्वारा संचालित मुस्कान एक पहल संस्था के आठवें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर हिण्डोन सड़क मार्ग स्थित पोस्ट ऑफिस की चार दीवारी में बैठने हेतु चार बैंच तथा सलैमपुर खुर्द सड़क मार्ग स्थित शहर की उद्यान में दो बैंच जन सहयोग के द्वारा लगवाई गईं। इस अवसर पर राजेन्द्र गर्ग,अवस्थी जी, सुनील पाण्डेय,गौरव पण्डित, डॉ.ओम प्रकाश गुप्ता एवं धनेश चन्द शर्मा का विशेष सहयोग रहा।



