शामली
चौसाना पुलिस ने 10 लीटर कच्ची शराब के साथ युवक को दबोचा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौसाना पुलिस ने एक युवक को 10 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
चौसाना पुलिस मंगलवार रात क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने चौसाना निवासी तौसीन पुत्र इन्सार उर्फ बोला को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को मौके से गिरफ्तार कर चौकी लाकर पूछताछ की। बरामदगी के आधार पर आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस तरह के कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चौकी प्रभारी राहुल कुमार :
अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चौसाना पुलिस लगातार अभियान चला रही है। किसी भी व्यक्ति को कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


