झुंझुनू

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर चिड़ावा में योग खिलाड़ियों का ट्रायल

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए प्रतिभाशाली योग खिलाड़ियों का हुआ चयन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झुंझुनूं चिड़ावा। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर विजय इंटरप्राइजेज किसान भवन, चिड़ावा में राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता के लिए योग खिलाड़ियों का चयन ट्रायल आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अंतर्राष्ट्रीय योग खिलाड़ी स्वर्गीय सुदेश खरड़िया की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर योग खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।योगाचार्य डॉ. प्रीतम सिंह खुगांई, चयन समिति के अध्यक्ष डॉ. संपत बारूपाल, प्रतियोगिता के जज एवं नेशनल कोच संदीप कुमार, नेशनल योग खिलाड़ी विशाल कुमार, खुशी वर्मा, शिवकुमार एवं आकाश नेहरा ने खिलाड़ियों की योग प्रतिभा का मूल्यांकन किया।चयन समिति द्वारा बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गांधी, एडवोकेट डॉ. अनिल ठाकुर, युवा समाजसेवी विजय मील, सूबेदार शेर सिंह, दिलीप वैशु आदि अतिथि के रूप में कार्यक्रम में मौजूद रहे।आयोजन में पहुंचे अतिथियों का पुष्पमाला पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।इस अवसर पर आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गांधी ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन देश के महान चिकित्सक, कुशल राजनीतिज्ञ, समाजसेवी एवं स्वतंत्रता सेनानी भारत रत्न डॉ. बिधान चंद्र रॉय की स्मृति में मनाया जाता है। उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र और समाज सेवा में डॉ. रॉय के अमूल्य योगदान को याद करते हुए कहा कि चिकित्सक समाज के स्वास्थ्य और मानव सेवा के महत्वपूर्ण प्रहरी हैं। अंतर्राष्ट्रीय योग खिलाड़ी एवं नेशनल कोच संदीप कुमार ने बताया कि भारत सरकार द्वारा योगासन भारत के अंतर्गत प्रतियोगिता के स्वरूप में कुछ बदलाव किए गए हैं। पूर्व में शामिल छह खेलों-बैक बेंड, फॉरवर्ड बेंड,  लेग बैलेंस, हैंड बैलेंस, बॉडी ट्विस्टिंग एवं सुपाइन- की जगह अब नए प्रारूप के अनुसार खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि छह खिलाड़ियों में से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। कार्यक्रम में योग खिलाड़ी सोनम चौधरी, दक्ष, दक्षता, दिशा, पूजा, अनु, विजेता, महक सहित अन्य खिलाड़ियों ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य योग प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए मंच उपलब्ध करवाना रहा। कार्यक्रम के समापन पर योगाचार्य डॉ. प्रीतम सिंह खुगांई ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की बधाई देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button