शामली

 तीन किलोमीटर दूर बन रही राशन की दुकान पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल

एसडीएम से निष्पक्ष जांच कर गांव के बीच सरकारी भूमि पर निर्माण कराने की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना।  टोडा में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि दुकान गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर बनाई जा रही है, जिससे पात्र उपभोक्ताओं को राशन लेने में परेशानी होगी। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी ऊन को शिकायती पत्र देकर निर्माण स्थल की निष्पक्ष जांच कराने और गांव के निकट उपलब्ध सरकारी भूमि पर दुकान बनवाने की मांग की है।
ग्रामीण चौधरी कालूराम राठी,नवाब,रामकुमार,संदीप, ओमकार,सतीश,कपिल,संजू,आकाश,रमेश आदि का कहना है कि गांव में बारातघर के पास, प्राथमिक विद्यालय नंबर-1 के खेल मैदान के समीप, प्राथमिक विद्यालय नंबर-2 के पास तथा गांव के अड्डे पर पानी की टंकी के निकट सरकारी भूमि उपलब्ध है। इसके बावजूद ग्राम प्रधान कथित रूप से पक्षपात करते हुए अपने मकान के पास सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का निर्माण करा रहे हैं, जो गांव की अधिकांश आबादी से लगभग तीन किलोमीटर दूर है।
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि इस संबंध में 24 अप्रैल तथा 8 जून 2026 को भी उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि दूरस्थ स्थान पर दुकान बनने से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग लाभार्थियों को राशन लेने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने एसडीएम से मांग की है कि निर्माण स्थल की मौके पर जांच कराई जाए तथा गांव के बीच स्थित उपयुक्त सरकारी भूमि का चयन कर वहीं सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का निर्माण कराया जाए, ताकि सभी पात्र उपभोक्ताओं को आसानी से राशन उपलब्ध हो सके। साथ ही उन्होंने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की भी मांग की है ।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button