मथुरा
साध्वी की हत्या कर मकान हड़पने का आरोपी राहुल गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन कोतवाली प्रभारी संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार की दोपहर सूचना पर रंगजी बगीचा बिजलीघर के समीप तिराहे से साध्वी की हत्या कर उनके मकान के फर्जी दस्तावेज तैयार कर बेचने के मामले में आरोपी गौरा नगर निवासी राहुल को गिरफ्तार कर लिया। सीओ सदर वरुण मिश्रा ने बताया कि इस सनसनीखेज मामले का खुलासा तब हुआ जब पानीघाट,चैतन्य कुटी के महंत लाड़ली दास महाराज ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र से कुछ समय पूर्व एक वृद्ध साध्वी चंद्रमुखी देवी उर्फ चित्रा दासी रहस्यमय तरीके से गायब हो गई हैं और कुछ लोगों ने उनकी हत्या कर उनका मकान बेच दिया है। क्षेत्राधिकारी नगर मथुरा की जांच के बाद वृंदावन कोतवाली में बीएनएस की गंभीर धारा 305, 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2) में 8 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। इसमें नामजद आरोपी शिवदत्त एवं संतोष की मृत्यु हो चुकी थी। शेष आरोपी अभिषेक, सतेंद्र शर्मा, मोहम्मद आरिफ, वकील मोहम्मद, विजय सिंह, औंकार सिसौदिया को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस द्वारा पकड़ा गया आरोपी राहुल मुख्य आरोपी अभिषेक का भाई है। मामले में मुख्य आरोपी अभिषेक को पुलिस ने 18 नवंबर 2025 को ही गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में अभिषेक ने कबूला था कि वह मृतका के मकान के पीछे बेसमेंट में जिम चलाता था। जिम के सामान और अन्य कारणों से उस पर काफी कर्ज हो गया था। इससे छुटकारा पाने के लिए उसने अपने दोस्त विकास और अन्य साथियों के साथ मिलकर साध्वी चंद्रमुखी देवी की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने साध्वी के मकान का ताला तोड़कर वहां से मकान के मूल बैनामे के कागजात, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी एवं अन्य दस्तावेज चोरी कर लिए। इसके बाद फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र और फर्जी वसीयत तैयार कर मकान को अपना बताकर बेच दिया।



