शामली
व्यापारियों की एकजुटता से ही पूरी होंगी मांगें : घनश्याम दास गर्ग

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
चौसाना। सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की प्रथम वार्षिक बैठक रविवार को पंचायत घर में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने कहा कि व्यापारियों के हितों की लड़ाई संगठन पूरी मजबूती से लड़ रहा है और उनकी समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जा रहा है। उन्होंने अपने प्रदेशव्यापी दौरे की शुरुआत भी चौसाना से करने की घोषणा की।
बैठक को संबोधित करते हुए घनश्याम दास गर्ग ने कहा कि संगठन के प्रयासों से दुकानों और आवासीय बिजली दरों को समान करने की मांग स्वीकार होना व्यापारियों की बड़ी उपलब्धि है। अब संगठन व्यापारियों के स्टॉक का सरकारी बीमा, वरिष्ठ व्यापारियों के लिए पेंशन योजना तथा सभी व्यापारियों को आयुष्मान योजना का लाभ दिलाने के लिए संघर्ष करेगा। इसके साथ ही जीएसटी की दरों में राहत और मंडी समिति शुल्क समाप्त करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों की ताकत उनकी एकजुटता में है। यदि सभी व्यापारी संगठन के साथ मजबूती से जुड़े रहेंगे तो उनकी प्रत्येक जायज मांग शासन तक पहुंचाकर उसका समाधान कराया जाएगा। बैठक में 27 सितंबर को प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय व्यापारी सम्मेलन को सफल बनाने का भी आह्वान किया गया और अधिक से अधिक व्यापारियों से इसमें भाग लेने की अपील की गई।
बैठक में अनुभव गर्ग, कंवरपाल, इकलाख, मनोज, अर्चित, रवि, राहुल, विजय, आयुष, संजय, राजेश, बृजमोहन, सुन्नी, विकास, कपिल, सुनील सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।


