रास्ते में रोक महिला से छेड़छाड़ का आरोप, तहरीर देकर कार्रवाई की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
चौसाना। क्षेत्र के गांव सकौती निवासी एक महिला ने गांव के ही युवक पर रास्ते में रोककर छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर चौसाना पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रविवार शाम सकौती निवासी ममता पत्नी विकास अपने पति के लिए खाना लेकर खेत में बन रहे मकान पर जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही एक युवक ने उसे रोक लिया और जबरन अपनी बाइक पर बैठाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे आरोपी मौके से भागने का प्रयास करने लगा। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चौसाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता से घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस आरोपित युवक को हिरासत में लेकर चौकी ले आई। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
चौकी प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



