ललितपुर
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। प्रख्यात शिक्षाविद्, राष्ट्रचिंतक एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat), ललितपुर, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में पहलवान गुरुदीन प्रशिक्षण महाविद्यालय, पनारी में संगोष्ठी एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान का स्मरण किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पहलवान गुरुदीन ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के डायरेक्टर डा. सौरभ यादव ने की। इस अवसर पर पहलवान गुरुदीन प्रशिक्षण महाविद्यालय, पनारी के प्राचार्य श्री महेश कुमार झा ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने भारत की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रीय अस्मिता की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार, सिद्धांत एवं राष्ट्रसेवा की भावना आज भी युवाओं सहित समस्त देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
संगोष्ठी में महाविद्यालय के सहायक प्रवक्ता श्री भजनलाल साहू एवं श्री भागचंद कुशवाहा ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके राष्ट्रहित, शिक्षा एवं जनसेवा के क्षेत्र में दिए गए योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में श्री सचिन तिवारी, श्री रोहित मिश्रा सहित अन्य शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
अंत में सभी उपस्थितजनों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों का अनुसरण करते हुए राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता एवं जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।



