ललितपुर
वार्ड 17 में गंदे पेयजल और उखड़ी सड़कों की समस्या को लेकर एसडीएम से शिकायत
सिविल लाइन द्वितीय के लोगों ने स्वच्छ पेयजल आपूर्ति और सड़क मरम्मत की मांग उठाई, शीघ्र कार्रवाई की अपील

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। नगर के वार्ड संख्या 17 सिविल लाइन द्वितीय में पेयजल आपूर्ति की गंभीर समस्या और पेयजल पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत नहीं होने से नाराज क्षेत्रवासियों ने वार्ड पार्षद कुंदन पाल के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को शिकायत पत्र सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है। शिकायत में बताया गया कि वार्ड के कई मोहल्लों में पिछले कुछ समय से नलों में गंदा और दूषित पानी आ रहा है, जिससे लोगों को पेयजल के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि गंदे पानी की आपूर्ति से जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है और लोगों में चिंता का माहौल है। इसके अलावा पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए जिन सड़कों को खोदा गया था, उन्हें अब तक ठीक नहीं कराया गया है। सड़कें उखड़ी होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान इन स्थानों पर जलभराव और कीचड़ की समस्या भी बढ़ जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। क्षेत्रवासियों ने उपजिलाधिकारी से मांग की है कि नलों में स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए तथा पाइपलाइन डालने के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उपजिलाधिकारी ने शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया है।



