ललितपुर

 भू-माफियाओं पर अवैध कॉलोनी बसाने का आरोप

सैकड़ों परिवारों का रास्ता और नाली बंद

आजादपुरा तृतीय (डैम रोड) के लोगों ने डीएम से लगाई गुहार, जलभराव व आवागमन बाधित होने से बढ़ी परेशानी
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। शहर के आजादपुरा तृतीय (डैम रोड) क्षेत्र में अवैध कॉलोनी निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। वार्ड नंबर-16 के दर्जनों स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर आरोप लगाया है कि कृषि भूमि पर अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही है, जिसके चलते वर्षों पुराने सार्वजनिक रास्ते और पानी निकासी की नाली को बंद कर दिया गया है। इससे क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों का आवागमन प्रभावित हो गया है और जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, गोविंद सागर डैम रोड स्थित रेस्ट हाउस के पीछे स्थित कृषि भूमि, जो श्रीमती गिरजा पत्नी खुशीलाल, हरि कुशवाहा एवं अमित कुशवाहा के नाम दर्ज बताई गई है, पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही है। आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान पारंपरिक रास्ते और नाली को मलबा डालकर बंद कर दिया गया, जिससे क्षेत्र के लगभग 300 से 400 मकानों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी मार्ग से वर्षों से लोगों का आवागमन और बरसात व घरेलू उपयोग का पानी निकाला जाता था। रास्ता बंद होने के बाद अब पानी खाली प्लॉटों और घरों के आसपास भर रहा है, जिससे जलभराव और गंदगी की स्थिति बन गई है। मोहल्ला वासियों ने बताया कि रास्ता बंद होने से अब स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को अस्पताल, बाजार तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए लगभग दो किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। वहीं बरसात के मौसम में जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि क्षेत्र स्थित माता देवी एवं भगवान शंकर के प्राचीन मंदिर के सामने गंदा पानी जमा हो रहा है। इससे श्रद्धालुओं को मंदिर आने-जाने में कठिनाई हो रही है तथा दुर्गंध के कारण धार्मिक स्थल का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। नागरिकों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर बंद रास्ते और नाली को तत्काल खुलवाने, अवैध कॉलोनी निर्माण की जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायती पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, आयुक्त झांसी मंडल, नगर पालिका परिषद ललितपुर के अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी तथा विनियमित क्षेत्र प्राधिकारी को भी भेजी गई है। शिकायत देने वालों में पल्लवी, अमित दुबे, शोभा, सुमन, अमर सिंह, अमित, अमित शाह, हेमा, लज्जा देवी, सतीश कुमार, रमेश चंद्र, कुसुम, गीता, शारदा सहित बड़ी संख्या में मोहल्लावासी शामिल रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button