ललितपुर
ग्यारह जुलाई को होगा महा वृक्षारोपण अभियान, 1.04 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य
वृक्ष लगाना ही नहीं, उनका संरक्षण भी हमारी जिम्मेदारी : डीएम

सभी विभागों को लक्ष्य आवंटित
10 जुलाई तक पौध उठान और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में होगा पौधरोपण
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। प्रदेश सरकार के 35 करोड़ वृक्षारोपण महाअभियान के अंतर्गत जनपद ललितपुर को 1 करोड़ 4 लाख 53 हजार 400 पौधे रोपित करने का लक्ष्य दिया गया है। इस महत्वाकांक्षी अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने सोमवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की तथा सभी विभागों को लक्ष्य आवंटित करते हुए समयबद्ध ढंग से अभियान पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का जनआंदोलन है। जिस प्रकार प्रकृति हमें जीवन प्रदान करती है, उसी प्रकार प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनका संरक्षण भी सुनिश्चित करे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग 10 जुलाई तक हर हाल में पौध उठान की प्रक्रिया पूरी करें तथा निर्धारित स्थलों पर जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में वृक्षारोपण कराएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधे का रिकॉर्ड तैयार किया जाए तथा स्थलवार जियो टैग्ड फोटो केंद्र सरकार के मेरी लाइफ पोर्टल पर अपलोड करने के लिए नोडल विभाग को उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही हरितिमा एप के माध्यम से भी पौधारोपण स्थलों की जियो टैगिंग सुनिश्चित की जाए। बैठक में डीएफओ नवीन प्रकाश शाक्य ने बताया कि जनपद में कुल 1 करोड़ 4 लाख 53 हजार 400 पौधे लगाए जाएंगे। इनमें वन विभाग द्वारा 51 लाख 80 हजार तथा अन्य विभागों द्वारा 52 लाख 73 हजार 400 पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों को अलग-अलग लक्ष्य आवंटित किए गए हैं। इनमें प्रमुख रूप से ग्राम्य विकास विभाग को 26.23 लाख, कृषि विभाग को 8.12 लाख, उद्यान विभाग को 4.04 लाख, पंचायती राज विभाग को 2.88 लाख, पर्यावरण विभाग को 2.07 लाख, राजस्व विभाग को 2.02 लाख सहित अन्य विभागों को भी उनकी क्षमता के अनुरूप पौधारोपण के लक्ष्य सौंपे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि वृक्षारोपण के लिए स्थलों का चिन्हीकरण किया जा चुका है तथा विभागों द्वारा पौध उठान की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। अभियान में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आम नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे जनपद में व्यापक स्तर पर हरियाली बढ़ाई जा सके। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इम्तियाज अहमद, डीसी मनरेगा रमेश कुमार यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी कुंवर सिंह यादव, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश भारती, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



