मथुरा
नगर निगम के यार्ड में बरसों से खड़े-खड़े गल गए वाहन, कलपुर्जे गायब

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मथुरा। नगर निगम के यार्ड में वर्षों से खड़े पुराने सरकारी वाहन कबाड़ में तब्दील हो गए हैं। दरेसी रोड पर नई वस्ती में नगर निगम का यार्ड व वर्कशॉप है, जहां कंडम हो चुके वाहनों को खड़ा किया जाता है। वर्तमान में यहां पर दर्जनों बुलडोजर, कूड़ा गाड़ी, ई-रिक्शाओं के साथ-साथ कूड़ा उठान वाले ट्रक समेत अन्य दर्जनों वाहन खड़े हैं। यार्ड में लंबे समय से एक ही स्थान पर खड़े रहने के कारण अधिकांश वाहनों पर जंग लग चुकी है। कई वाहनों की बॉडी क्षतिग्रस्त हो गई है, शीशे टूट चुके हैं और सीटें भी खराब हो गई हैं। बरसात के मौसम में इन वाहनों के आसपास घास और झाड़ियां उग आई हैं, जिससे यह पहचानना भी मुश्किल हो रहा है। समय रहते यदि इन से अधिक वाहनों की नीलामी कर दी जाती, तो सरकारी खजाने को लाखों रुपये का राजस्व मिल सकता था। निगम प्रशासन के सुस्त रवैये के कारण ये गाड़ियां मिट्टी में मिल गई हैं। यार्ड में कई बुलडोजर मशीन वर्षों से एक ही जगह खड़ी रहने से धूल फांक रहीं हैं। इसी यार्ड में कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, लोडर ट्रक, कूड़ा उठाने वाले छोटा हाथी खुले आसमान के नीचे खड़े-खड़े गल रहे हैं, लेकिन इन्हें देखने वाला कोई नहीं है। इसके अलावा हल्के जर्जर कूड़ेदान को भी कवाड़ के ढेर में फेंक दिया है। गाड़ियों के खुले हुए पुर्जे यहां-वहां बिखरे पड़े हैं।



