विधायक हेमलाल मुर्मू की पहल से बंद पड़े स्वास्थ्य केंद्रों के संचालन की दिशा में बढ़ी पहल
Efforts to resume the operations of closed health centers have gained momentum through the initiative of MLA Hemlal Murmu.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू की पहल पर जिले के दो महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्रों के संचालन की दिशा में सकारात्मक प्रगति हुई है। विधायक द्वारा राज्य सरकार के समक्ष उठाए गए मुद्दे के बाद स्वास्थ्य विभाग ने दोनों स्वास्थ्य केंद्रों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई तेज कर दी है। विधायक हेमलाल मुर्मू ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर तालपहाड़ी पंचायत के डुमरिया में पिछले लगभग 12 से 14 वर्षों से बंद पड़े सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को पुनः चालू कराने तथा हिरणपुर प्रखंड में जर्जर भवन में संचालित स्वास्थ्य केंद्र को नए भवन में स्थानांतरित कर संचालित करने की मांग की थी। उन्होंने बताया कि इस विषय को उन्होंने विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाया था। विधायक के अनुसार, उनकी लगातार पहल के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने 7 जुलाई 2026 को स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव को दोनों स्वास्थ्य केंद्रों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। हेमलाल मुर्मू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों स्वास्थ्य केंद्रों के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। विधायक ने इस मामले में त्वरित पहल के लिए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों स्वास्थ्य केंद्र शीघ्र ही आम जनता के लिए संचालित किए जाएंगे।



