बेतुल
बैतूल किसान माह शिविर में 150 किसानों को मिली बैंकिंग योजनाओं की जानकारी
65 लाख के कृषि ऋण स्वीकृत मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक ने किसान माह शिविर में बढ़ाया किसानों का भरोसा, 150 किसानों ने लिया लाभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। किसानों को बैंकिंग सेवाओं और कृषि ऋण योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक की बैतूल गंज शाखा में आयोजित किसान माह शिविर में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। शिविर में किसानों को विभिन्न कृषि ऋण योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग और शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने के साथ उनकी बैंकिंग संबंधी समस्याओं का समाधान किया गया। विशेष बात यह रही कि एक दिवसीय अभियान के दौरान करीब 65 लाख के कृषि ऋण स्वीकृत किए गए, जिनके स्वीकृति पत्र किसानों को मौके पर ही वितरित किए गए।
इस शिविर में लगभग 150 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), कृषि सावधि ऋण, कृषि बंधक ऋण योजना, समृद्धि सावधि ऋण, डेयरी ऋण, कृषि वाहन ऋण योजना, शासन की विभिन्न योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं तथा बैंक की अन्य सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही किसानों की बैंकिंग संबंधी समस्याओं का समाधान भी किया गया।
शिविर के दौरान मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा द्वारा एक दिवसीय अभियान में लगभग 65 लाख के कृषि ऋण स्वीकृत किए गए। स्वीकृत ऋणों के स्वीकृति पत्र (सैंक्शन लेटर) बैंक के महाप्रबंधक श्री शिवाशीष त्रिपाठी एवं क्षेत्रीय प्रबंधक श्री प्रदीप अग्रवाल ने किसानों को वितरित किए।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक शिवाशीष त्रिपाठी, क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप अग्रवाल और शाखा प्रबंधक श्रीमती श्रद्धा सिमैया विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस अवसर पर शाखा बैतूल गंज एवं शाखा बैतूल बाजार के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। महाप्रबंधक और क्षेत्रीय प्रबंधक ने किसानों को संबोधित करते हुए बैंक की विभिन्न कृषि एवं बैंकिंग योजनाओं की जानकारी दी तथा किसानों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित किसानों को स्वल्पाहार वितरित किया गया।



