मथुरा

श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर कारसेवा की घोषणा से पुलिस सतर्क

सच्चिदानंद महाराज को भेजा नोटिस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर कारसेवा करने और शाही मस्जिद ईदगाह का गुंबद तोड़ने की साधु-संतों की घोषणा के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। कारसेवा के लिए समर्थन जुटा रहे गोवर्धन के जुल्हैंदी स्थित श्रीचित्रगुप्त पीठ पर बुधवार को पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने यहां के पीठाधीश्वर डा. स्वामी सच्चिदानंद महाराज को शांतिभंग का नोटिस दिया और किसी भी कारसेवा में शामिल होने या फिर आह्वान न करने को कहा। पिछले दिनों अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहांत रविंद्र पुरी ने हरिद्वार में दो दिन पहले घोषणा की थी कि वह साधु-संतों के साथ नौ अगस्त को श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचकर कारसेवा करेंगे। मंगलवार को बैठक में कांवड़ यात्रा को देखते हुए फिलहाल नई तिथि बाद में घोषित करने का निर्णय लिया गया। कारसेवा के लिए श्रीचित्रगुप्त पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी सच्चिदानंद महाराज संत-महांतों से समर्थन जुटा रहे हैं। उन्होंने अधिक से अधिक संतों से इसमें भाग लेने की अपील की। कारसेवा की घोषणा को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया। बुधवार दोपहर सीओ गोवर्धन अनिल कुमार की अगुवाई में पुलिस श्रीचित्रगुप्त पीठ पहुंची। पीठाधीश्वर को शांति भंग का नोटिस जारी कर कहा कि वह किसी भी कारसेवा को लेकर आह्वान न करें। शांति व्यवस्था बनाए रखें। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि कारसेवा या उससे संबंधित किसी गतिविधि के कारण कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है, या शांति भंग होने की स्थिति उत्पन्न होती है, तो नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।सीओ ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीठाधीश्वर को नोटिस जारी किया गया है। उधर, डॉ. स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने कहा है कि नोटिस देना पुलिस का काम है। प्रभु के लिए काम हम लोग कर रहे हैं। कारसेवा में कोई बदलाव नहीं होगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button