बरेली
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा
आरोप - बिना सुविधा शुल्क के कुछ ब्लॉकों से सर्विस बुक नहीं पहुंच रही लेखा, शिक्षक परेशान

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ बरेली की जिला इकाई ने जिलाध्यक्ष जितेंद्र गंगवार के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
जिला अध्यक्ष ने बताया कि बीएसए कार्यालय द्वारा बिना विलंब किए लगातार चयन वेतनमान आदेश किए जा रहे हैं, किंतु ब्लॉक संसाधन केंद्र पर कार्यरत लिपिक सिर्फ नाम के लिए हैं, उनके सभी कार्य दलाली करने वाले शिक्षकों द्वारा ही किए जाते हैं। यदि लिपिक कार्य में निपुण नहीं है तो उनकी ट्रेनिंग कराकर उन्हें कार्य करने में सक्षम बनाया जाए, किंतु किसी भी स्थिति में शिक्षकों से काम न कराया जाए। ये लोग ब्लॉक में संरक्षण प्राप्त कर शिक्षकों का शोषण करते हैं और बिना सुविधा शुल्क के कोई कार्य नहीं करते हैं। जनपद के सभी ब्लॉक संसाधन केंद्रों का भी निरीक्षण किया जाए।
मांडलिक मंत्री रुचि सैनी ने बताया कि ब्लॉक शेरगढ़ के शिक्षकों का 25 सितम्बर 2026 को चयन वेतनमान आदेश बीएसए कार्यालय से जारी किया गया था। किंतु लगभग दो महीने बीत जाने पर भी सुविधा शुल्क के चक्कर में अभी तक शिक्षकों की सेवा पुस्तिका लेखा कार्यालय नहीं भेजी गई है। ऐसे ही ब्लॉक भुता और भदपुरा एवं अन्य ब्लॉक में शिक्षकों के कई महीने बीत जाने पर भी अभी तक चयन वेतनमान नहीं लगा है। और जो सुविधा शुल्क दे देता है, उसकी सर्विस बुक लेखा कार्यालय भेजकर चयन वेतनमान लगवा दिया जाता है।
जिला मंत्री गिरजेश कुमार ने मांग की कि बिल, सर्विस बुक एवं अन्य कार्य शत-प्रतिशत लिपिक, लेखाकार, कंप्यूटर ऑपरेटर से ही कराए जाएं, अधिकारियों द्वारा शिक्षकों का शोषण न हो और न ही किसी के द्वारा अधिकारी के नाम पर उनका शोषण किया जाए एवं साथ ही सभी ब्लॉकों में एक सप्ताह के अंदर लंबित चयन वेतनमान का कार्य पूर्ण किया जाए। ज्ञापन देने वालों में जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद गंगवार, जिला उपाध्यक्ष गौरव गुप्ता, शुमायला खान, जिला संगठन मंत्री मोनिका गुप्ता, अतुल सिंह, अन्नपूर्णा कुशवाहा एवं पूजा शुक्ला, जिला प्रचार मंत्री मोनिका सागर, अध्यक्ष फतेहगंज प्रवेश गंगवार, अध्यक्ष भोजीपुरा उमेश गंगवार, अध्यक्ष नवाबगंज भरत वीर गंगवार, बिथरी के मंत्री अजय कुमार, फरीदपुर के मंत्री रितुरेश सिंह, कोषाध्यक्ष रामतीर्थ यादव, कुसुम जोशी, भीम सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक पदाधिकारी मौजूद रहे।



