पाकुड़ के हक साहेब ने AIBE-XXI परीक्षा में पाई सफलता, जिले का बढ़ाया मान
Hak Saheb of Pakur has achieved success in AIBE-XXI examination, bringing glory to the district.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ सरदार प्रखंड के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित पृथ्वीनगर गांव निवासी हक साहेब ने ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE-XXI) परीक्षा में सफलता हासिल कर परिवार, गांव और पूरे पाकुड़ जिले का नाम रोशन किया है। परिणाम घोषित होने के बाद परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। हक साहेब शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने अंजना हाई स्कूल से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय के टॉप-10 विद्यार्थियों में स्थान बनाया। इसके बाद जिदातो इंटरमीडिएट कॉलेज, पाकुड़ से प्रथम श्रेणी में इंटरमीडिएट तथा केकेएम कॉलेज, पाकुड़ से राजनीति विज्ञान (ऑनर्स) में स्नातक की पढ़ाई पूरी करते हुए कॉलेज के टॉप-7 विद्यार्थियों में स्थान प्राप्त किया। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने मुंगेर विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई की। एलएलबी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कॉलेज के टॉप-20 विद्यार्थियों में स्थान बनाया और सिल्वर मेडल भी हासिल किया। हक साहेब ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, वरिष्ठ अधिवक्ता शकील अहमद, शिक्षकों, मार्गदर्शकों और साथियों को दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य एक सफल अधिवक्ता बनकर संविधान के दायरे में रहकर प्रत्येक नागरिक को न्याय दिलाने में योगदान देना है। उनके पिता अनारूल शेख और माता गोलमा बीवी ने बेटे की सफलता पर खुशी जताई। वहीं ग्रामीणों और जिले के शिक्षाविदों एवं जनप्रतिनिधियों ने हक साहेब को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि को पाकुड़ के लिए गर्व का विषय बताया।



