
25 क्षेत्रीय व राष्ट्रीय दलों के अध्यक्ष बैठक में शामिल
सामाजिक न्याय, संविधान रक्षा और साझा रणनीति पर जोर
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
बरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस पार्टी के तत्वावधान में शनिवार को सिविल लाइंस स्थित रोटरी भवन में इंडियन डेमोक्रेटिक एलायंस (IDA) के बैनर तले राजनीतिक मंथन बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट वसी अहमद ने की। संयोजक जिला अध्यक्ष अतीक करम इदरीसी रहे।
बैठक में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की रणनीति पर चर्चा हुई। नेताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और वंचित, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यकों व किसानों की आवाज़ को साझा मंच से उठाने पर सहमति जताई। एडवोकेट वसी अहमद ने कहा कि छोटे और क्षेत्रीय दल जनता के मुद्दे उठाते हैं। IDA आने वाले समय में मजबूत वैकल्पिक शक्ति बनेगा। प्रदेश संगठन मंत्री मुख्तार अहमद ने कहा कि हर जिले में गठबंधन मजबूत किया जाएगा। बैठक में साझा रणनीति, समन्वय समिति गठन, संयुक्त अभियान और हर मंडल-जिले में बैठकें करने का निर्णय लिया गया। बैठक में राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी, लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी, इंडियन नेशनल लीग सहित 20-25 दलों के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौजूद थे।




