नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी क्षेत्र के 50 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय को करीब तीन वर्ष बाद आहरण एवं संवितरण अधिकारी (डीडीओ) कोड मिल गया है। इसके साथ ही अस्पताल को वित्तीय स्वायत्तता प्राप्त हो गई है। अब अस्पताल के लिए बजट सीधे शासन से जारी होगा, जिससे वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर निर्भरता समाप्त हो जाएगी।
गौरतलब है कि लोनी संयुक्त चिकित्सालय का शुभारंभ मई 2023 में हुआ था। वर्तमान में यहां प्रतिदिन लगभग 400 से 500 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। अब तक डीडीओ कोड न होने के कारण दवाओं की खरीद, कर्मचारियों के वेतन का भुगतान और अन्य वित्तीय प्रक्रियाएं सीएमओ कार्यालय के माध्यम से संचालित होती थीं, जिससे कई बार आवश्यक कार्यों में विलंब होता था।
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. कैलाश ने बताया कि डीडीओ कोड मिलने के बाद अस्पताल अपनी जरूरतों के अनुरूप वित्तीय निर्णय लेने में सक्षम होगा। शासन से बजट सीधे अस्पताल के खाते में प्राप्त होने से दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों और अन्य आवश्यक संसाधनों की खरीद समयबद्ध तरीके से की जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने से कर्मचारियों के वेतन भुगतान सहित सभी वित्तीय प्रक्रियाएं अधिक सरल और तेज होंगी। इससे अस्पताल की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी तथा मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी। समय पर बजट मिलने से आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी और अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।


