गाजियाबाद
कांवड़ यात्रा को लेकर ट्रॉनिका सिटी थाने में शांति समिति की बैठक
सौहार्द बनाए रखने की अपील
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : आगामी कांवड़ यात्रा एवं महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को ट्रॉनिका सिटी थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी निरीक्षक कुलदीप दीक्षित ने की, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक प्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों से कांवड़ यात्रा के दौरान आपसी भाईचारा, सौहार्द और सहयोग बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में सभी धर्मों और समुदायों के त्योहार हमेशा शांतिपूर्ण माहौल में मनाए जाते रहे हैं और इस बार भी सभी के सहयोग से कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न कराई जाएगी।
इस दौरान नागरिकों से यात्रा से जुड़ी समस्याओं और व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। लोगों ने पुलिस प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे में यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग सहित संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। निगरानी के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों का भी व्यापक उपयोग किया जाएगा। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यात्रा के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने या किसी प्रकार का उपद्रव करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


