AI से छात्राओं की तस्वीरें अश्लील बनाकर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट करने पर मुकदमा दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : साइबर थाना पुलिस ने स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं की तस्वीरें एडिट कर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से प्रसारित करने के मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर थाना पर 20 जुलाई 2026 को प्राप्त एक प्रार्थना पत्र में बताया गया कि एक छात्रा की इंस्टाग्राम अकाउंट से फोटो डाउनलोड कर AI के माध्यम से अश्लील तरीके से एडिट की गई। इसके बाद एक फर्जी डमी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उसे पोस्ट किया गया। जांच में पता चला कि ऐसा करने वाला उसी स्कूल का एक अन्य छात्र है। उसने कुछ अन्य छात्राओं की तस्वीरों के साथ भी इसी तरह किया है। इस संबंध में सीओ हाईवे/अपराध देवेश सिंह ने बताया कि “उक्त इंस्टाग्राम अकाउंट को बंद कराते हुए साइबर थाना पर पोक्सो एक्ट व आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। सभी तथ्यों के आधार पर विधिक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।”
पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से डेटा मांगा है और आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखें। किसी भी संदिग्ध पोस्ट या फर्जी आईडी की सूचना तुरंत साइबर थाना या 1930 हेल्पलाइन पर दें।


