आशा कार्य-कर्ताओं ने विधायक खैरिया को सौपा ज्ञापन

किशनगढ़बास। कोटकासिम ब्लॉक की आशा सहयोगिनियों ने विधायक दीपचंद खेरिया को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौपा। विधायक खैरिया के निजी सहायक सुनील कान्त गोल्डी ने बताया कि दिए गए ज्ञापन में न्यूनतम मासिक मानदेय में वृद्धि, सेवानिवृत्ति पर पेंशन एवं मुआवजा सहित लंबित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। आशा सहयोगिनियों ने राज्य कर्मचारियों की तर्ज पर 26 हजार रुपए मासिक वेतन तथा सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपए का लाभ देने की मांग की है। उनका कहना था कि उनकी शैक्षणिक योग्यता से अधिक ऑनलाइन कार्य कराया जा रहा है। प्रतिदिन नए-नए मोबाइल ऐप पर काम करने के कारण कार्यभार बढ़ रहा है, और काम करने में परेशानी हो रही है। उन्होंने अनावश्यक ऑनलाइन एप आधारित कार्यों से राहत देने तथा उनकी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर विधायक दीपचंद खैरिया को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौपा है। इस मौके पर कृष्णावती बबली, रीना देवी, सुमित्रा, मंजू, संतोष देवी, उर्मिला, सरिता कुमारी, बीना देवी, सुनीता देवी, नीलम, सरोज सहित दर्जनों आशा सहयोगिनी मौजूद रही।

